मुंबई जिसे सपनों का शहर भी कहा जाता है, जहां आना तो आसान है लेकिन यहां से जाना उतना ही मुश्किल। मुंबई के बारे में मैंने बहुत कुछ सुना था और वहां जाकर जो पाया वो अपने आप में ही ताज्जुब में डालने वाला था। अपने ही रंग में रंगी रहने वाली मुंबई जिस गति से दिन में चलती है उतनी ही रात के अंधेरे में चमकती दिखती है। जी हां मुंबई एक ऐसा शहर है जहां रात में सवेरा होता है। यह एक ऐसा शहर है जो कभी सोता नहीं है, कभी रूकता नहीं है। तभी यहां बाहर से आए लोग कमाई के लिए भी दो शिफ्ट में काम कर लेते हैं। मुंबई की जान कही जाने वाली लोकल भी सिर्फ 2 घंटे के लिए ही रेस्ट करती है। वरना इस शहर में आराम करने की इजाजत तो किसी को भी नहीं है।
मुंबई रात में क्यों खास है?
अगर आप मुंबई घूमने आए हैं या घूमने की प्लानिंग कर रहे हैं तो मुंबई को दिन में घूमने की बजाय रात में भी घूमना न भूलें। मुंबई में रात के अंधेरे में अ लग ही उजाला होता है। जहां एक ओर दिन की चिलचिलाती गर्मी आपको परेशान कर सकती है वहीं शाम होते-होते यहां का मौसम एकदम सुहावना हो जाता है। समुंदर की लहरें और उसकी नमी से भीगी हवा यहां का तापमान सामान्य रखती है। शाम के समय यहां का शोर और भीड़ आपको खुद को ढूंढने को कहने लगेगा। भीड़ में रहते हुए भी आप अपनी पहचान को कैसे बनाएं रखते है यह सीख आपको यह शहर सीखाता है। तो अब बात करते हैं कि मुंबई में घूमने की बेस्ट नाइट स्पॉट्स कौन कौन से है
मुंबई की नाइट साइक्लिंग का अनुभव
अगर आप मुंबई घुमना चाहते हैं तो रात में मुंबई की सड़कों पर साइक्लिंग करते हुए आप सैर कर सकते हैं। जहां दिन में गाड़ी-मोटर का शोर और लंबा जाम लगा रहता है वहीं रात में मुंबई की इन सड़कों पर इतना ट्रैफिक नहीं होता। ऐसे में आप साइक्लिंग करते हुए मुंबई के कई टूरिस्ट प्लेस जैसे मरीन ड्राइव, शिवाजी पार्क, बांद्रा, बैंड स्टैंड, जुहु बीच आदि घूम सकते हैं। यही नहीं यहां आप साइक्लिंग का मज़ा अकेले और ग्रुप के साथ भी ले सकते हैं। रात के 12 बजे से सुबह 5 बजे तक यहां साइक्लिंग पर कई ग्रुप सैर के लिए निकलते हैं। आप उनके साथ जुड़ सकते हैं या अकेले ही मुंबई की नाइट लाइफ का मज़ा ले सकते हैं। साथ ही रास्तों में पड़ने वाले फूड स्टॉल पर मुबंई के लोकल फुड का भी आनंद ले सकते हैं। यह फूड स्टॉल रात भर चलते रहते हैं।
मरीन ड्राइव पर रात बिताने का सुख
अगर आप मुंबई के शोर-शराबे से दूर कुछ देर शांत अकेले या अपने लव वन के साथ बिताना चाहते हैं तो मरीन ड्राइव एकदम परफेक्ट जगह है। वैसे तो यह जगह दिन की धूप में भी प्रेमी जोड़ें और राहगीरों की भीड़ यहां हर पल लगी रहती है। लेकिन इससे हटकर आप रात के समय समुद्र की उठती लहरों का आनंद मरीन ड्राइव और नरीमन पॉइंट पर बैठकर ले सकते हैं। यहां शांति से बैठकर आप समुद्र की लहरों को निहार सकते हैं। शाम के समय जहां सनसेट का नज़ारा आपका दिल जीत लेगा वहीं रात के समय यहां की शांति आपको सुकुन देगी। शायद तभी यहां देर रात तक लोग बैठे रहते हैं और अपने जीवन के अच्छे-बुरे पलों को याद करते हैं। अगर आप कुछ क्वालिटी टाइम बिताना चाहते हैं तो यह आपके लिए परफ्केट जगह है।
जुहू बीच और चौपाटी का नाइट व्यू
अगर आप रात के समय समुद्र की लहरों को सुनना चाहते हैं तो जुहु बीच, गिरगांव चौपाटी और वरसोवा बीच आपके लिए एकदम सही जगह है। इन बीच के पास आपको अलग ही शांति का एहसास होगा। रात के समय हाई टाइड की वजह से आप ज़्यादा समुद्र के नज़दीक नहीं जा सकते लेकिन इनके लहरों की गूंज आपको दूर से ही सुनाई देने लगेगी। ऐसे में खुद के साथ कुछ समय बिताने के लिए आप यहा रात में वॉक कर सकते हैं। आप अपने दोस्तों औऱ परिवार के साथ भी यहां रात के सन्नाटे में समुद्र के नज़ारे देख सकते हैं। इसके साथ ही यहां छोटे-छोटे ठेले और आस-पास के रेस्टोरेंट में जाकर आप पाव भाजी, वडा पाव, चाइनीज भेल, भेल पुरी, पानी पुरी, जैसे लोकल फूड का स्वाद चख सकते हैं। यहां कई सारे ठेले और रेस्टोरेंट रातभर खुले रहते हैं।
बैंडस्टैंड सितारों का नज़ारा
बैंड स्टेंड यूं तो फिल्मी सितारों के घर की वजह से काफी फेमस है। यहां शाहरूख खान, सलमान खान, रेखा, अनिल कपूर जैसे फिल्म स्टार का घर है। वहीं दूसरी ओर यहां बैठकर आप दूर से समुद्र को निहार सकते हैं। समंदर की उठती लहरों का आनंद आप बैंड स्टैंड से ले सकते हैं। रात के समय यह जगह और अधिक चकाचौंध वाली हो जाती है। आस-पास खाने के ठेले और भीड़ से दूर शांति के कुछ पल बिताने वाले लोगों का जमावड़ा यहा लगा रहता है। आप रात के 2 बजे आएंगे तो भी आपको वही नज़ारा देखने को मिलेगा जो आप शाम के समय देखेंगे। यहां एक जॉगिंग ट्रैक और पार्क भी है, जैसे ही आप बैंडस्टैंड के लैंड्स एंड साइड की ओर जाएंगे हैं, तो आपको एम्फीथिएटर भी मिलेगा, जो मुंबई फेस्टिवल और सेलिब्रेट बांद्रा जैसे कार्यक्रमों की मेजबानी करता है। यह एक ऐसी जगह जो रात-भर चलती रहती है। तो आप बैंड स्टैंड आकर यहां कुछ पल बिताना न भूलें।
नाइट क्रूज टूर पर जरूर जाएं
अगर आप मुंबई की नाइट लाइफ का मज़ा लेना चाहते हैं तो आप रात के समय नाइट क्रूज टूर पर भी जा सकते हैं। यहां आप अपनी फैमिली, फ्रैंड्स के साथ कैंडल लाइट डिनर का आनंद लेने के साथ ही क्वालिटी टाइम स्पेंड कर सकते हैं। नाइट क्रूज जुहू बीच और गेटवे ऑफ इंडिया पर रात में चलते हैं। आप यहां पर पहले से बुकिंग कराकर इसका आनंद ले सकते हैं। समुद्र के बीच में जाकर बोट पर बैठना और उठती लहरों को सुनना एक अलग ही एहसास देता है।
गेटवे ऑफ इंडिया देखने रात में ज़रूर जाएं
अगर आप मुंबई के हिस्टोरिकल प्लेस देखना चाहते हैं तो आप रात में मुंबई की पहचान कहे जाने वाले गेटवे ऑफ इंडिया को देखने रात में ज़रूर जाएं। दिन में जहां भीड़ लगी रहती है और दिन की गर्मी चुभती है। वहीं रात के समय इसकी लाइटिंग आपका दिल जीतने का दम रखती है। यहां शनिवार और रविवार की रात को स्पेशल कल्चरल प्रोग्राम आयोजित होते हैं। जिसका आनंद आप यहां ले सकते हैं। साथ ही यहां हर दिन रात के समय चमचमाती लाइट और उसके बीच से दिखता गेटवे ऑफ इंडिया आपको अपनी ओर आकर्षित करने का दम रखता है। आप रात के समय यहां आकर इसे देख सकते हैं। यहां पास में कई लोकल दुकानें हैं जहां पर आप दाबेली, वडा पाव, पाव भाजी, डोसा, उत्पम, चाय और पोहा जैसे लज़ीज लोकल खाने का आनंद ले सकते हैं। वहीं रात में आप यहां वॉक करते हुए कई हिस्टोरिकल प्लेस और रात के अंधेरे में चमकती सड़कों को देख सकते हैं।
मुंबई के नाइट क्लब्स
अगर आप क्लब और तेज धांसू आवाज के शौकिन हैं तो मुंबई के नाइट क्लब आपके लिए बेस्ट ऑप्शन हैं। यहां दिन के थके-हारे लोग रात में मौज-मस्ती के लिए नाइट क्लब की ओर रूख करते हैं। यहां के क्लब रात भर चलते हैं। साथ ही आप यहां जाकर डिनर कर सकते हैं, डांस कर सकते हैं, दोस्तों के साथ इंजॉय कर सकते हैं। नाइट क्लब के लिए आप मलाड, अंधेरी वेस्ट, जुहु, कार्टर रोड, बांद्रा आदि जगहों पर जा सकते हैं। यहां के नाइट क्लब पूरी मुंबई में फेमस है। आप यहां जाकर मौज-मस्ती कर सकते हैं।
लोकल स्ट्रीट फूड जो रात में भी मिलता है
अगर आप मुंबई में रात के समय घूमने का प्लान कर रहे हैं तो यहां के लोकल फूड को ज़रूर ट्राय करें। आप दादर, माहिम, जैसे इलाकों में जाकर महाराष्ट्रीयन फूड का आनंद ले सकते हैं। आप वडा पाव, दाबेली, पाव भाजी, चाइनिज भेल, फ्रैंकी, डोसा, इडली, मिसल पाव आदि ज़रूर ट्राय कर सकते हैं। वहीं सुबह 3 से 4 बजे के बीच आप यहां मिलने वाली चाय और बन मस्का, पोहा को भी खा सकते हैं। यहां आप रात की सैर के साथ बढ़ियां पेट-पूजा कर सकते हैं।
तो मुंबई को दिन में घूमने की बजाय एक बार रात में घूमकर ज़रूर देंखे। क्योंकि मुंबई एक ऐसा शहर है जहां रात में दिन होता है। यह शहर दिन के उजाले से दूर रात के सन्नाटे में भी अलग सुकून देता है। मुंबई को करीब से जानना हो तो यहां रात में एक वॉक पर ज़रूर निकलें।
इसके साथ ही ऐसी ही अन्य जानकारियों को पाने के लिए आप मन घुमक्कड़ को फॉलों करना न भूलें। आप मन घुमक्कड़ को यूट्यूब, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर फॉलो कर सकते हैं।

Leave a Reply